बजरंग दल के नेता और कार्यकर्ताओं को हाईटेक अस्पताल से धक्के मारकर बाहर निकाला दुर्ग पुलिस ने

bhilai-News


1170 Views
दुर्ग के हाईटेक अस्पताल परिसर में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बजरंग दल के नेता और कार्यकर्ता अस्पताल के भीतर एकत्र होकर हंगामा करने लगे। अस्पताल जैसे संवेदनशील सार्वजनिक स्थान पर शोर-शराबे और दबाव की स्थिति बनने के बाद दुर्ग पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को धक्के देकर परिसर से बाहर निकाला। इस कार्रवाई के बाद अस्पताल में इलाजरत मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर पहले भी इस तरह की दबंगई और हंगामे की शिकायतें सामने आती रही हैं। कई मौकों पर सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं हो पाती थी। लेकिन इस बार पुलिस ने बिना किसी दबाव के कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कदम उठाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने पहले समझाइश की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो सख्ती बरतनी पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी कार्यकर्ताओं को अस्पताल परिसर से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। इसे लेकर आम नागरिकों में यह संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी संगठन द्वारा की जाने वाली अराजकता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल, स्कूल और न्यायालय जैसे स्थानों पर किसी भी प्रकार का हंगामा सीधे तौर पर आम जनता के अधिकारों का उल्लंघन है। कानून सभी के लिए समान है और किसी संगठन या व्यक्ति को सार्वजनिक स्थानों पर ग़ुंडागर्दी की छूट नहीं दी जा सकती।
[ Article by: sakshi ]

2018 Tosscall Services India Private Limited
About Contact-Help-Jobs-Internship Terms_of_service Privacy_policy-Cookies-Ads Team-Developers-Interns-Employees