सांसद विवेक तन्खा ने मुख्यमंत्री शिवराज से कहा बार बार कैसे हो रही इतनी बड़ी गलती
India-News
5763 Views
मध्यप्रदेश पंचायत चुनाव को लेकर लगातार फेरबदल जारी है। राज्य सरकार इसमें राजनीतिक पैंतरे लगाकर कुछ न कुछ बदलाव कर ही रही है।
जिसको देखते हुए सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का मुख्यमंत्री से कहना है कि जिन सरपंचों के कार्यकाल खत्म हो गए उन्हें कोई भी सरकार वित्तीय अधिकार कैसे दे सकती है। यह एक अवैध गतिविधि है। उन्होंने सीएम शिवराज सिंह चौहान से सवाल किया है कि इतनी बड़ी गलती बार-बार कैसे हो रही है।
विवेक तन्खा ने कहा कि जिन पंचायतों एवं नगर निगम पदाधिकारियों को कोई भी सरकार 5 साल से ज्यादा उनके पदों मे कानूनी बाध्यता के कारण नहीं रख सकती, उन्हें उन पदों के अधिकार भी सरकार कैसे दे सकती है।
उन्होंने कहा कि रोज-रोज संशोधन और नए-नए आदेश सोच का दिवालियापन दिखाता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप एक वरिष्ठ और अनुभवी व्यक्ति हैं। इतनी बड़ी गलती बार बार कैसे हो रही। हम सब प्रदेश में क़ानून का राज के लिए प्रति संकल्पित है। शायद सत्ता के मद में आपको क़ानूनी रास्ता वाजिब नहीं महसूस होता।
साथ ही पंचायत चुनाव को लेकर सांसद तन्खा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा कि भाई एक ही रास्ता है चुनाव शीघ्र करवाएं ।
[ Article by: team tosscall ]